गुरुवार, 19 नवंबर 2026

दाऊद इब्राहिम के पुराने ठिकाने पर चलेगा BMC का बुलडोजर?, शुरू हुआ विवाद

Dawood Ibrahim Property: मुंबई के भिंडी बाजार में अंडरवर्ल्ड डॉन और भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम से जुड़ी एक पुरानी इमारत को गिराने की तैयारी की जा रही है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने 'हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना' के बचे हुए हिस्सों को हटाने के लिए नया नोटिस जारी किया है। यह वही इमारत है, जिसे कभी दाऊद इब्राहिम और उसके परिवार का ठिकाना बताया जाता था। लेकिन BMC की कार्रवाई से पहले ही इस मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया है। स्थानीय लोगों के साथ कांग्रेस और AIMIM के नेताओं ने भी कार्रवाई का विरोध किया है। उनका दावा है कि इमारत का ग्राउंड फ्लोर मस्जिद है और इसे वक्फ संपत्ति के तौर पर संरक्षण प्राप्त है।

BMC ने क्यों जारी किया नया नोटिस?

BMC ने 16 नवंबर को नया विध्वंस नोटिस जारी किया। इसमें इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने 'प्रार्थना स्थल' यानी प्रेयर हॉल का इस्तेमाल करने वाले लोगों से दूसरी जगह जाने को कहा गया है। नगर निकाय के मुताबिक, सड़क चौड़ी करने के काम के लिए इस खतरनाक ढांचे को हटाना जरूरी है। हालांकि, BMC के नोटिस में ग्राउंड फ्लोर की जगह को प्रार्थना स्थल बताए जाने पर विपक्षी नेताओं और स्थानीय निवासियों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यह जगह करीब 140 साल पुरानी मस्जिद है। इसी वजह से इमारत को गिराने की कार्रवाई को लेकर विरोध तेज हो गया है।

वारिस पठान ने BMC की कार्रवाई पर उठाए सवाल

AIMIM नेता वारिस पठान ने BMC के नोटिस पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट और वक्फ ट्रिब्यूनल की ओर से रोक के आदेश होने के बावजूद नया नोटिस जारी करना गैरकानूनी है।
वारिस पठान का कहना है कि यह करीब 140 साल पुरानी मस्जिद है और केवल मस्जिद होने की वजह से इसे निशाना नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने इस मामले में अपना कानूनी पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय भी मांगा है। साथ ही कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे अदालत में चुनौती देने की बात कही गई है।

कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने क्या आरोप लगाया?

इस मामले में कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने भी BMC की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि BMC और एक ट्रस्ट ने मिलकर इस इमारत को गिराने की साजिश रची है। अमीन पटेल के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट और वक्फ ट्रिब्यूनल के रोक संबंधी आदेशों के बावजूद एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उचित 7 या 15 दिन का नोटिस दिए बिना इमारत को खाली कराने की कोशिश हो रही है, जबकि मामला अभी वक्फ ट्रिब्यूनल में लंबित है।

 दाऊद इब्राहिम से क्या है इस इमारत का कनेक्शन?

मुंबई के भिंडी बाजार में स्थित इस मुसाफिरखाने का नाम दाऊद इब्राहिम के पुराने ठिकानों में लिया जाता है। बताया जाता है कि 1980 के दशक तक इस इमारत का इस्तेमाल दाऊद इब्राहिम और उसके गिरोह के शुरुआती ठिकाने के तौर पर होता था। यहां तस्करी के सामान को छिपाने का काम भी किया जाता था। जानकारी के मुताबिक, 1986 में भारत छोड़कर फरार होने से पहले दाऊद इब्राहिम अपने परिवार के साथ इसी मुसाफिरखाने की दूसरी मंजिल पर रहता था। बताया जाता है कि इमारत में उसका निजी कमरा और दफ्तर भी था। इसी जगह पर 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों की साजिश रचे जाने की बात भी कही जाती है।

इमारत गिराने की कार्रवाई से पहले बढ़ी चिंता

दाऊद इब्राहिम से जुड़े इस पुराने ठिकाने के बचे हुए हिस्सों को गिराने की तैयारी के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। स्थानीय विरोध और राजनीतिक बयानबाजी के बीच कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। इसी को देखते हुए BMC को बैठकें करनी पड़ीं। एक तरफ नगर प्रशासन सड़क चौड़ी करने और खतरनाक ढांचे को हटाने की बात कह रहा है, तो दूसरी तरफ स्थानीय निवासी और विपक्षी नेता इसे मस्जिद और वक्फ संपत्ति से जुड़ा मामला बता रहे हैं। फिलहाल इस इमारत को लेकर BMC की कार्रवाई और उसके खिलाफ उठ रही कानूनी आपत्तियों के बीच विवाद बढ़ गया है। अब देखना होगा कि अदालत में इस मामले को लेकर आगे क्या फैसला होता है और क्या BMC दाऊद इब्राहिम से जुड़े इस पुराने ठिकाने के बचे हुए हिस्सों को गिरा पाती है।
Tags:#AIMIM#Amin Patel#Bhindi Bazaar#bmc#congress#Dawood Ibrahim#Maharashtra News#Mumbai News#Waris Pathan