रविवार, 22 नवंबर 2026

UP Politics: केशव मौर्य का अखिलेश पर हमला, बोले- जय श्रीराम के बाद अब राधे-राधे से परेशानी

UP Politics News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच इन दिनों भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के नाम को लेकर जुबानी जंग छिड़ी हुई है। इस बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले 'जय श्रीराम' से घबराते थे, अब उन्हें 'राधे-राधे' सुनकर भी बेचैनी होने लगी है।

केशव मौर्य ने सोशल मीडिया पर सपा को घेरा

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, 'सपाई पहले जय श्रीराम से घबराते थे, अब राधे-राधे सुनकर भी बेचैन हैं! अयोध्या में जय श्रीराम गूंजता है तो ब्रज में लोग राधे-राधे कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं। सपा बहादुर को ये साफ करना चाहिए कि अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा क्या?'

सपा पर तुष्टिकरण का आरोप, 2027 चुनाव को लेकर कही ये बात

केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण में डूबी सपा कान खोलकर सुन ले कि प्रदेश में जय श्रीराम भी गूंजेगा और राधे-राधे भी। इसके साथ ही उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी दावा किया। केशव मौर्य ने कहा कि सत्ता में वापस लौटने का समाजवादी पार्टी का सपना एक बार फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में दोबारा बीजेपी का कमल खिलेगा।

बीजेपी ने दिया 'राधे-राधे कमल खिला दे' का नारा

दरअसल, इससे पहले मथुरा में हुई बीजेपी की बैठक के दौरान भी भगवान श्रीकृष्ण और कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा चर्चा में आया था। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या के बाद मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के निर्माण की बात उठाई थी। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस मुद्दे पर आगे आने की चुनौती भी दी थी। इसी दौरान बीजेपी नेताओं की ओर से 'राधे-राधे कमल खिला दे' जैसे नारे भी लगाए गए। इसके बाद प्रदेश की राजनीति में भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के नाम को लेकर बयानबाजी और तेज हो गई।

अखिलेश यादव ने बीजेपी के नारे पर किया पलटवार

बीजेपी के 'राधे-राधे कमल खिला दे' नारे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बीजेपी के इस नारे को खारिज करते हुए कहा था कि यह इस बात का संकेत है कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सत्ता से विदाई लेने की तैयारी कर रही है।

डिंपल यादव ने भी बीजेपी पर साधा निशाना

वहीं, सपा सांसद डिंपल यादव ने भी बीजेपी पर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने भगवान राम के नाम पर आए चढ़ावे और चंदे को लूटा, अब उनकी नजर भगवान कृष्ण पर है। डिंपल यादव ने तंज कसते हुए यह भी कहा था कि बीजेपी का कमल अब मुरझा रहा है।


Tags:#Akhilesh Yadav#BJP#Keshav Prasad Maurya#Samajwadi Party#UP Election 2027#UP Politics