सोमवार, 16 नवंबर 2026

दुबई में बनेगा 24 कैरेट गोल्ड वॉकवे, जानिए कब होगा शुरू?

Dubai Gold Walkway: दुबई अपनी अनोखी इमारतों और शानदार पर्यटन स्थलों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। अब यहां एक ऐसा आकर्षण तैयार किया जा रहा है, जिसे देखकर पर्यटक हैरान रह जाएंगे। कल्पना कीजिए कि आप सड़क पर चल रहे हों और आपके पैरों के नीचे 24 कैरेट सोना चमक रहा हो। जी हां, दुबई में जल्द ही ऐसा नजारा देखने को मिल सकता है। यहां दुनिया का पहला और सबसे लंबा 24 कैरेट गोल्ड वॉकवे बनाने की तैयारी चल रही है।

दुबई में कहां बनाया जा रहा है गोल्ड वॉकवे?

दरअसल, दुबई के डीरा इलाके में स्थित Dubai Gold District में 24 कैरेट गोल्ड वॉकवे बनाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, यह दुनिया का पहला और सबसे लंबा गोल्ड वॉकवे होगा। इस अनोखे प्रोजेक्ट को 2026 के आखिर तक आम लोगों के लिए खोलने की योजना है। इस परियोजना के जरिए दुबई दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करना चाहता है। इसके साथ ही शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े गोल्ड ट्रेडिंग सेंटर के रूप में और मजबूत करने की कोशिश भी की जा रही है।

दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में 1000 से ज्यादा रिटेलर्स

दुबई का गोल्ड डिस्ट्रिक्ट पहले से ही सोने और ज्वेलरी के कारोबार के लिए जाना जाता है। यहां एक हजार से ज्यादा रिटेलर्स मौजूद हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 2026 की शुरुआत से यहां नए होलसेल गोल्ड ट्रेडिंग ऑफिस की संख्या में 20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, सोने, ज्वेलरी, कीमती पत्थरों और लग्जरी वॉच की नई दुकानों में भी 15 फीसदी की वृद्धि हुई है।
ऐसे में गोल्ड वॉकवे का निर्माण दुबई के गोल्ड मार्केट को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

16.514 किलो की सोने की झुमकी ने बनाए दो वर्ल्ड रिकॉर्ड

इस बीच दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट से जुड़ी एक और खास उपलब्धि सामने आई है। जॉयअलुक्कास की 22 कैरेट सोने से बनी 16.514 किलोग्राम वजन की झुमकी ने दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। इस खास झुमकी को दुबई में स्थायी रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

गोल्ड वॉकवे पर कितना खर्च होगा?

दुबई में बनने वाले इस अनोखे गोल्ड वॉकवे को लेकर लोगों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। हालांकि, अभी तक यह खुलासा नहीं किया गया है कि इसके निर्माण में कुल कितना सोना इस्तेमाल किया जाएगा और इस पूरे प्रोजेक्ट पर कितनी लागत आएगी। फिलहाल इसे 2026 के आखिर तक आम लोगों के लिए खोलने की योजना है। अगर यह परियोजना तय समय पर पूरी होती है, तो दुबई के पर्यटन और गोल्ड ट्रेडिंग सेक्टर को एक नई पहचान मिल सकती है।
Tags:#Dubai Gold District#Dubai Gold Walkway#Dubai News#Dubai Tourism#Gold News#International News#Joyalukkas