अनंत सिंह की बेटी की शादी में जुटेंगे 4 लाख मेहमान! भारत में शादी के क्या हैं नियम
Anant Singh Daughter Wedding: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों काफी सुर्खियां बटोर रही है। 25 नवंबर को होने वाले इस विवाह समारोह को भव्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अनुमान है कि शादी में करीब 4 लाख मेहमान शामिल हो सकते हैं। इसके लिए लगभग 10 बीघा जमीन पर विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। मेहमानों के खाने के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे। वहीं, VIP मेहमानों के लिए हेलीपैड और मनोरंजन के लिए घुड़दौड़ का भी इंतजाम किया जा रहा है। इतने बड़े आयोजन को देखते हुए यह जानना भी जरूरी है कि भारत में शादी समारोह आयोजित करने को लेकर क्या-क्या कानूनी नियम हैं। क्या लाखों मेहमान बुलाने के लिए प्रशासन की अनुमति लेनी पड़ती है? पंडाल से लेकर खाने, DJ, पटाखों और शादी में मिलने वाले गिफ्ट तक के लिए क्या नियम हैं? आइए विस्तार से समझते हैं।
शादी में 4 लाख मेहमान बुलाने पर क्या है नियम?
भारत में निजी शादी समारोह में मेहमानों की संख्या को लेकर पूरे देश के लिए कोई एक अधिकतम सीमा तय नहीं की गई है। इसका मतलब है कि शादी में कितने लोगों को बुलाया जा सकता है, इसकी कोई निश्चित राष्ट्रीय लिमिट नहीं है। हालांकि, जब किसी कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना हो, तो सुरक्षा और व्यवस्था के लिहाज से स्थानीय पुलिस तथा जिला प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। आयोजन के आकार और परिस्थितियों के अनुसार आयोजकों को प्रशासन के साथ समन्वय करना पड़ सकता है। भीड़ को संभालने के लिए पार्किंग, ट्रैफिक नियंत्रण, प्रवेश और बाहर निकलने के रास्तों के साथ बैरिकेडिंग जैसी व्यवस्थाएं करनी होती हैं। गृह मंत्रालय के अधीन BPR&D और NDMA की भीड़ प्रबंधन संबंधी गाइडलाइंस में भी बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और किसी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की योजना बनाने पर जोर दिया गया है।
10 बीघा जमीन पर पंडाल बनाने के लिए क्या हैं नियम?
शादी समारोह में भव्य पंडाल तैयार करना आसान नहीं है। खासकर जब उसमें बड़ी संख्या में मेहमानों के आने की संभावना हो। ऐसे आयोजनों में आग से सुरक्षा के नियमों का पालन करना बेहद जरूरी होता है। बिहार में Bihar Fire Service Rules, 2021 के तहत पंडालों की अग्नि सुरक्षा के लिए प्रावधान किए गए हैं। इसके मुताबिक, 5,001 वर्ग फीट से बड़े पंडाल का फायर विभाग से सुरक्षा सत्यापन कराना अनिवार्य है। पंडाल में कम से कम दो निकास द्वार, पर्याप्त इमरजेंसी रास्ते, आग बुझाने वाले उपकरण और पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा हाईटेंशन बिजली की लाइनों के नीचे पंडाल बनाने की अनुमति नहीं है। पंडाल में इस्तेमाल होने वाले कपड़ों को आग से सुरक्षित रखने के लिए फायर रिटार्डेंट ट्रीटमेंट देना भी जरूरी है।
शादी में खाना बनाने और परोसने के लिए FSSAI लाइसेंस जरूरी
शादी में सैकड़ों तरह के व्यंजन तैयार किए जाएं या हजारों लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था हो, खाद्य सुरक्षा के नियम हर स्थिति में लागू होते हैं। भारत में शादी और अन्य समारोहों में खाना बनाने वाले हलवाई तथा कैटरिंग संचालकों के पास वैध FSSAI रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस होना जरूरी है। खाना तैयार करने से लेकर उसे परोसने तक साफ-सफाई, सुरक्षित पानी और खाद्य सामग्री के सही रखरखाव का ध्यान रखना होता है। बिना जरूरी लाइसेंस के खाद्य कारोबार करने पर 5 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। कैटरिंग व्यवसाय का सालाना टर्नओवर भी लाइसेंस की श्रेणी तय करने में अहम होता है। 20 करोड़ रुपये से अधिक सालाना टर्नओवर पर सेंट्रल लाइसेंस और 20 करोड़ रुपये तक के टर्नओवर पर स्टेट लाइसेंस का प्रावधान दिया गया है।
शादी में DJ और लाउडस्पीकर बजाने के क्या हैं नियम?
शादी में DJ, म्यूजिक और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल आम है, लेकिन इसके लिए भी ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करना पड़ता है।
Noise Pollution (Regulation and Control) Rules, 2000 के तहत लाउडस्पीकर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट प्रावधान हैं।
- लाउडस्पीकर या पब्लिक एड्रेस सिस्टम चलाने के लिए संबंधित अथॉरिटी से लिखित अनुमति लेना जरूरी है।
- सामान्य परिस्थितियों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक खुले स्थानों पर लाउडस्पीकर चलाने पर रोक है।
- बंद परिसरों में अंदरूनी संचार के लिए नियमों के तहत छूट दी गई है।
- राज्य सरकार सांस्कृतिक, धार्मिक या विशेष अवसरों पर साल में अधिकतम 15 दिन रात 10 बजे से 12 बजे तक छूट दे सकती है।
- सिर्फ शादी समारोह होने से DJ और तेज आवाज में संगीत बजाने के नियमों में अपने आप छूट नहीं मिल जाती।
इसलिए शादी में देर रात तक DJ या लाउडस्पीकर चलाने से पहले प्रशासन की अनुमति और स्थानीय नियमों की जानकारी होना जरूरी है।
बड़ी शादी में सुरक्षा के लिए क्या-क्या इंतजाम जरूरी?
जब किसी शादी में लाखों लोगों के पहुंचने का अनुमान हो, तो वहां सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन जाती है। ऐसे आयोजन में भीड़ को नियंत्रित करने और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पहले से तैयारी करनी होती है।
मेहमानों की संख्या के हिसाब से सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, बैरिकेडिंग और आपातकालीन निकासी के रास्ते तैयार रखने चाहिए। इसके अलावा एंबुलेंस, मेडिकल सहायता और आग से बचाव के उपकरणों की व्यवस्था भी जरूरी है। पार्किंग और यातायात को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस तथा प्रशासन के साथ तालमेल बनाना पड़ता है। NDMA की मास गैदरिंग गाइडलाइन में भी बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ की आवाजाही, मेडिकल सुविधाओं, सुरक्षा और इमरजेंसी निकासी की पहले से योजना तैयार करने की बात कही गई है।
शादी में पटाखे और आतिशबाजी करने पर क्या है कानून?
शादी समारोह में आतिशबाजी का इस्तेमाल भी नियमों के दायरे में आता है। इसके लिए सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों के साथ जरूरी लाइसेंस लेना पड़ सकता है। Explosives Rules, 2008 के तहत सार्वजनिक आतिशबाजी प्रदर्शन के लिए LE-6 लाइसेंस की जरूरत होती है। इसके लिए संबंधित जिला प्रशासन या अधिकृत लाइसेंसिंग अथॉरिटी से अनुमति लेनी होती है। आतिशबाजी के दौरान केवल अधिकृत और निर्धारित मानकों के अनुसार तैयार पटाखों का इस्तेमाल किया जा सकता है। नियमों के मुताबिक, पटाखों का प्रदर्शन किसी टेंट, पंडाल या कैनवास शेल्टर से 15 मीटर के भीतर नहीं किया जा सकता। इसके अलावा सार्वजनिक आतिशबाजी के दौरान दर्शकों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और पर्याप्त दूरी बनाए रखना जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट और संबंधित राज्य प्रशासन के आदेशों के अनुसार पटाखे जलाने के समय पर भी प्रतिबंध लागू हो सकते हैं। यानी शादी का आयोजन कितना भी बड़ा क्यों न हो, आतिशबाजी के नियमों का पालन करना जरूरी है।
शादी में मिलने वाले गिफ्ट पर कितना टैक्स लगता है?
शादी में दूल्हा-दुल्हन को रिश्तेदारों और दोस्तों से नकदी, सोना, चांदी, ज्वैलरी और कई तरह के कीमती उपहार मिलते हैं। ऐसे उपहारों पर आयकर के नियम क्या कहते हैं, यह जानना भी जरूरी है। आयकर अधिनियम की धारा 56(2) के तहत शादी के अवसर पर दूल्हा और दुल्हन को मिलने वाले उपहार टैक्स-फ्री होते हैं। इसमें नकद राशि, सोना-चांदी, ज्वैलरी, प्रॉपर्टी और अन्य कीमती सामान शामिल हो सकते हैं। इस छूट के लिए उपहारों की कोई अधिकतम मौद्रिक सीमा तय नहीं है। खास बात यह है कि यह छूट सिर्फ रिश्तेदारों से मिलने वाले उपहारों तक सीमित नहीं है। दोस्तों और अन्य परिचितों से शादी के मौके पर मिले गिफ्ट भी इसके दायरे में आते हैं। हालांकि, यह छूट दूल्हा-दुल्हन को मिलने वाले उपहारों पर लागू होती है। शादी में माता-पिता को गैर-रिश्तेदारों से एक वित्त वर्ष में 50,000 रुपये से अधिक के उपहार मिलने पर सामान्य आयकर नियमों के तहत टैक्स की देनदारी बन सकती है।
शादी में 2 लाख रुपये या उससे ज्यादा कैश लेने पर रोक
शादी के मौके पर मिलने वाले उपहार भले ही टैक्स-फ्री हों, लेकिन नकद लेनदेन को लेकर अलग नियम हैं। आयकर अधिनियम की धारा 269ST के मुताबिक, किसी एक व्यक्ति से एक दिन में, एक ही लेनदेन में या एक ही आयोजन से जुड़े लेनदेन में 2 लाख रुपये या उससे अधिक की नकद राशि स्वीकार करने पर प्रतिबंध है। इस नियम का उल्लंघन करने पर धारा 271DA के तहत प्राप्त नकद राशि के बराबर जुर्माना लगाया जा सकता है। इसलिए बड़ी रकम के लेनदेन के लिए बैंक ट्रांसफर या चेक जैसे माध्यमों का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके अलावा, शादी में मिला गिफ्ट टैक्स-फ्री होने का मतलब यह नहीं है कि उससे भविष्य में होने वाली कमाई भी टैक्स-फ्री रहेगी। उदाहरण के लिए, उपहार में मिली प्रॉपर्टी से किराया, FD पर ब्याज या सोना बेचने से होने वाला मुनाफा सामान्य आयकर नियमों के दायरे में आ सकता है। इसलिए बड़े उपहारों से जुड़े दस्तावेज, शादी का कार्ड, गिफ्ट की सूची और बैंक लेनदेन का रिकॉर्ड संभालकर रखना जरूरी है।
