रविवार, 22 नवंबर 2026

योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Yogi Adityanath Mother Death News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। शुक्रवार, 20 नवंबर को सामने आई इस दुखद खबर की पुष्टि पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने की है। मां के निधन की खबर से परिवार में शोक का माहौल है।

पंचूर गांव में हुआ सावित्री देवी का निधन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सावित्री देवी का निधन शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। वह अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रह रही थीं। उनके निधन की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन भी परिवार के संपर्क में है।पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। परिवार और प्रशासन की ओर से आगे की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है।

 पंचूर गांव में हुआ था योगी आदित्यनाथ का जन्म

योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था। उनका बचपन इसी गांव में बीता। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। उनका निधन 20 अप्रैल 2020 को हो गया था। योगी आदित्यनाथ ने युवावस्था में ही घर छोड़कर संन्यास का रास्ता अपना लिया था। इसके बाद वह गोरखनाथ मठ से जुड़े और आगे चलकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा बने। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं।

मां से मिलने अस्पताल पहुंचे थे सीएम योगी

मुख्यमंत्री बनने और व्यस्त राजनीतिक जीवन के बावजूद योगी आदित्यनाथ का अपने परिवार से जुड़ाव बना रहा। जून 2024 में वह अपनी मां सावित्री देवी से मिलने ऋषिकेश एम्स पहुंचे थे। उस समय उनकी मां अस्पताल में भर्ती थीं। योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल में अपनी मां के साथ समय बिताया था और उनका हालचाल जाना था।
मां का निधन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद दुखद क्षति है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में इसे बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर बताया। धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को यह अपूरणीय क्षति सहने की शक्ति दें।

ॐ शांति
Tags:#CM Yogi Mother Death News#उत्तर प्रदेश#उत्तराखंड#पुष्कर सिंह धामी#पौड़ी गढ़वाल#योगी आदित्यनाथ#सावित्री देवी